मेरे जन्मदिन पर हो सकता है 26/11 जैसा हमला: बाल ठाकरे
मुंबई। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने दावा किया है कि उनके जन्मदिन यानी 23 जनवरी को शिवसेना द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने अंदेशा जताया है कि आतंकवादी 26/11 हमले की तरह उनके जन्मदिन समारोह में घुस कर हमला बोल सकते हैं।
रविवार को शिवसेना प्रमुख 84 वर्ष के पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर पार्टी ने जगह-जगह समारोह के आयोजन की तैयारी की है। रैलियां व सभाएं होंगी और मिठाई व फल वितरण भी। इस मौके को लेकर जहां शिव सैनिकों में उत्साह का माहौल है, वहीं बाल ठाकरे को अपने कार्यकर्ताओं की जान के खतरे की चिंता सता रही है।
पार्टी के मुखपत्र 'सामना' में बाल ठाकरे ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए लिखा कि जन्मदिन समारोह में भीड़ का फायदा उठाते हुए आतंकवादी अंदर घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर सकते हैं। ठाकरे का दावा है कि इस बात की सूचना मुंबई पुलिस को भी है। और पुलिस ने ठाकरे को समारोह में जाने से मना किया है। इसी के चलते बाला साहब ने अपने संपादकीय के अंत में लिखा है, "मैं आपके साथ खुशियां बांटने के लिए समारोह में शामिल होना चाहता हूं, लेकिन मजबूरन मैं आ नहीं सकता।"
उधर शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने बताया कि बाल ठाकरे शनमुखनंद सभागार में होने वाले समारोह में भाग नहीं ले सकेंगे। राउत ने बताया कि रैली पर आतंकी हमले का खतरा है, लिहाजा पार्टी ने पुलिस से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications