लाल चौक पर ध्वजारोहण में उमर भी हों शामिल : भाजपा

राष्ट्रीय एकता यात्रा पर निकले भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा, "हम एक आजाद देश के निवासी हैं और हमें देश में कहीं भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार है। आखिर श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने में क्या परेशानी है?"
ठाकुर ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, "विरोध के बावजूद लाल चौक में होने वाले इस समारोह में हिस्सा लेने के लिए हम उमर अब्दुल्ला को आमंत्रित करते हैं। अब्दुल्ला के लिए देश के प्रति अपनी वफादारी सिद्ध करने का यह अच्छा अवसर है।"
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद ठाकुर 12 जनवरी से शुरू हुई राष्ट्रीय एकता यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। इस यात्रा का समापन 26 जनवरी को श्रीनगर में लाल चौक पर तिरंगा झंडा फहराने के भाजपा के निर्धारित कार्यक्रम के जरिए होगा। उन्होंने कहा, "इस यात्रा का विरोध कुछ गिने-चुने लोग कर रहे हैं। अलगाववादी हमें आदेश नहीं दे सकते। हम उनकी उपेक्षा करेंगे। हम अपना अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और कानून व्यवस्था को चुनौती देने का हमारा कोई इरादा नहीं है।"
यह यात्रा 24 जनवरी को जम्मू एवं कश्मीर के सीमवर्ती कस्बे लखनपुर को पार करेगी। इसके बाद यह श्रीनगर रवाना होगी। कुल 15 दिन की इस यात्रा को भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने 12 जनवरी को कोलकाता से हरी झंडी दिखाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications