ऑपरेटर बदलने के लिए कश्मीर में 1900 पर कॉल, बाकी जगह एसएमएस

दूरसंचार विभाग ने इसका कारण बताते हुए कहा कि चूंकि जम्मू एवं कश्मीर में प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजने की सुविधा हासिल नहीं है, इसलिए विभाग ने फैसला किया है कि वे उपभोक्ता 1900 पर कॉल कर यूनिक पोर्टिग नम्बर हासिल कर सकते हैं। यह सेवा देने वाली कम्पनी 1900 पर कॉल स्वीकार करने के लिए जरूरी व्यवस्था करेगी।
जम्मू एवं कश्मीर में ऑपरेटर बदलने में अधिकतम 15 दिनों का समय लगेगा, जबकि देश के अन्य हिस्सों में सिर्फ सात दिन लगेंगे। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को देशभर में मोबाइल नम्बर पोर्टेबिलिटी योजना पेश की। इस योजना के तहत पुराने मोबाइल नम्बर पर ही नए मोबाइल सेवा प्रदाता यानी ऑपरेटर की सेवा ली जा सकती है।
यह सुविधा पहले सिर्फ हरियाणा में शुरू की गई थी, जो अब पूरे देश में शुरू हो गई। इसके तहत यदि मोबाइल सेवा के ग्राहक पुरानी कम्पनी की सेवा से संतुष्ट नहीं हैं, तो वे उसी नम्बर पर पुरानी कम्पनी की सेवा बंद कर नई कम्पनी की सेवा हासिल कर सकते हैं।
योजना पेश करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि माना जा रहा है कि ग्राहकों को यह सुविधा देने पर दूरसंचार कम्पनियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। दूरसंचार कम्पनियां अपने पुराने ग्राहकों को बचाने के लिए अपनी सेवाओं का निरंतर विस्तार करेंगी, जिससे दूरसंचार क्षेत्र का और विकास होगा।
ऐसे बदलें मोबाइल नम्बर :
इस सेवा को हासिल करने के लिए ग्राहकों को नई कम्पनी को अधिकतम 19 रुपये का भुगतान करना होगा। उसके बाद उसे कम-से-कम तीन महीने तक उस सेवा प्रदाता के साथ बने रहना होगा।
ग्राहक सेवा बदलने के लिए सबसे पहले 1900 पर एक एसएमएस भेजेंगे। उसके बाद उन्हें एक कोड (यूनिक पोर्टिग नम्बर) दिया जाएगा। उसके बाद ग्राहक उस कोड का उल्लेख कर नई कम्पनी की सेवा के लिए आवेदन करेंगे। जम्मू एवं कश्मीर के उपभोक्ताओं को यूनिक पोर्टिग नम्बर हासिल करने के लिए 1900 पर कॉल लगाना होगा।
अधिकारियों ने कहा कि सेवा प्रदाता बदलने की पूरी प्रक्रिया में देशभर में अधिकतम सात दिनों और जम्मू एवं कश्मीर में अधिकतम 15 दिनों का समय लगेगा और इस प्रक्रिया में ग्राहकों की सेवा अधिकतम दो घंटे के लिए ही बाधित रहेगी।
यह सेवा यूरोप के अधिकतर हिस्सों, उत्तर अमेरिका, सिंगापुर, ताइवान और दक्षिण कोरिया में पहले से उपलब्ध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications