उत्तर भारत में धूप ने सर्दी से राहत दिलाई
नई दिल्ली। उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में कुछ दिनों से खिल रही धूप के कारण लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है जबकि उत्तर प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर में शुक्रवार को भी ठिठुरन बरकरार रही।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा लेकिन धूप खिलने की वजह से मौसम खुशगवार रहा। शहर में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत से दो डिग्री अधिक है।
हिमाचल प्रदेश में भी धूप खिली और तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया कि शिमला में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार को 2.7 डिग्री सेल्सियस था। लाहौल एवं स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज धूप खिलने से दिन में तो ठंड से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन रात में सर्दी बरकरार है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी का 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गोरखपुर का तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पर्वतीय इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और धूप खिलने के बावजूद लोगों को दिन में ठंड से मामूली राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि अभी अगले कुछ दिन तक सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। उधर, इस साल अब तक राज्य में सर्दी से करीब 131 लोगों की मौत हो चुकी है।
जम्मू एवं कश्मीर की राजधानी श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में भी बर्फीली हवाओं का असर बना रहा जबकि मौसमविज्ञानियों ने कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार व्यक्त किए हैं।
स्थानीय मौसम विभाग में सहायक वैज्ञानिक मुबीन अहमद मलिक ने बताया, " श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने बताया, "दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पहलगाम और गुलमर्ग में यह क्रमश: शून्य से 6.1 डिग्री व 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और कारगिल में यह शून्य से 15.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
घाटी के कुछेक स्थानों पर बारिश और हिमापात की संभावना जताई गई है। सामरिक श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तरफ से यातायात के लिए अनुमति दी गई है।
पिछले कुछ दिनों से सड़कों पर फिसलन बढ़ने और नलों में पानी जमने की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं के कारण बढ़ते तापमान पर अंकुश लगने के साथ ही एक बार फिर सर्दी में इजाफा होने लगा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में सर्दी का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले दिनों कश्मीर में हुई बर्फबारी व पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश का मौसम बदला है। बीते सप्ताह में तापमान ऊपर की ओर बढ़ने लगा था, मगर अब वह न केवल थम गया है, बल्कि नीचे गिरा है। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सर्दी बरकरार रहेगी और प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications