आस्ट्रेलिया में भारतीयों के लिए स्थिति बेहतर हुई : उच्चायुक्त
चण्डीगढ़, 18 जनवरी (आईएएनएस)। भारत में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त पीटर एन. वर्गीज का कहना है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों के लिए स्थिति अब पहले से बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय छात्रों को सुरक्षा मुहैया कराने का मुद्दा हमारी प्राथमिकता है।
वर्गीज ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा कि आस्ट्रेलियाई सरकार ने स्थिति को समान्य बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं जिससे पिछले 12 महीनों में वहां की स्थिति में सुधार हुआ है।
वर्गीज ने कहा, "देखिए, हमारे लिए भारतीय छात्रों की सुरक्षा मुहैया कराने का मुद्दा सबसे अहम है। संघीय और प्रांतीय स्तर तथा पुलिस ने कई सारे कदम उठाए हैं।"
वर्गीज ने कहा, "कानून को प्रभावी बनाने के साथ शैक्षणिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण और प्रवासी नीति में परिवर्तन जैसे कदम उठाए गए हैं। मैं समझता हूं कि इन सभी कदमों से इस मुद्दे से निपटने में सहायता मिली है और मैं मानता हूं कि चीजें 12 माह पहले की तुलना में काफी बदली है।"
वर्गीज ने कहा कि भारत के विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा मंगलवार को आस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वह दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लेंगे। वह वहां बैठक के दौरान आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर चर्चा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications