भाजपा की कश्मीर यात्रा से बिगड़ेंगे हालात : माकपा
कोलकाता। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने रविवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' कश्मीर घाटी के हालात को और खराब करेगी।उन्होंने पत्रकारों से कहा, " भाजपा की युवा इकाई की यह कश्मीर यात्रा स्थिति को और खराब करेगी। उन्हें समस्या की कोई समझ नहीं है। कश्मीर घाटी में पांच महीनों की अशांति के बाद सभी वर्गो के लोगों के साथ बातचीत की जा रही है।"
करात ने कहा, "इस हालात में भाजपा और उसकी युवा इकाई वहां जाकर राष्ट्रध्वज फहराने वाली है। इससे स्थिति और खराब होगी।"
ज्ञात हो कि भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने 'कोलकाता-श्रीनगर राष्ट्रीय एकता यात्रा' की शुरुआत की है।भाजयुमो का कहना है कि उसकी इस यात्रा का उद्देश्य देश की एकता को मजबूत करना और कश्मीर से युवाओं को जोड़ना है। यात्रा की शुरुआत गत 12 जनवरी को कोलकाता से की गई।गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को श्रीनगर के लालचौक पहुंचने से पहले यह यात्रा 11 राज्यों से गुजरेगी।












Click it and Unblock the Notifications