हिमाचल में सर्दी का असर बढ़ा
शिमला। हिमपात और बारिश के एक दिन बाद रविवार को हिमाचल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तेज सर्द हवाओं का असर रहा। राजधानी शिमला में तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। शिमला में पांच सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी और शनिवार इस मौसम की सबसे सर्द रात के रूप में दर्ज की गई। राज्य में एक दिन के अंतराल के बाद फिर से विमानों की अवाजाही शुरू हुई लेकिन उड़ानों में देरी देखी गई।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "शिमला में शनिवार रात में तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस गिरकर शून्य के करीब पहुंच गया। शनिवार को तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस था। यह पहली बार हुआ है जब राजधानी में रात का तापमान शून्य के करीब पहुंच गया।"शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को हुई बर्फबारी की वजह से वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
पिछले दो दिनों के दौरान शिमला सहित कुफरी और नरकांडा में भी बर्फबारी हुई। सोलन जिले के कसौली में शनिवार शाम हिमपात हुआ था।
किन्नौर जिले के कालपा में 10.6 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। कुल्लू जिले के मनाली, चम्बा जिले के डलहौजी और कांगड़ा जिले के मैक्लॉडगंज में मध्यम बर्फबारी हुई।मनाली-लेह राजमार्ग पर रोहतांग और बरालचा र्दे पर भी भारी बर्फबारी हुई।
कालपा शहर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि भूंतार में यह 0.2 डिग्री और धर्मशाला में शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति, कुल्लू और चम्बा जिले में भी बर्फ गिरी है।
मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों से बारिश की भी जानकारियां मिली हैं।शिमला हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को विमान सेवाएं संचालित हुईं लेकिन निर्धारित समय की देरी से उड़ानें शुरू हुईं। दिल्ली-शिमला, दिल्ली और धर्मशाला और कुल्लू के बीच उड़ान नहीं भरी जा सकीं।












Click it and Unblock the Notifications