उत्तर प्रदेश में सर्दी प्रकोप जारी, 13 की मौत
लखनऊ। राजधानी लखनऊ सहित समूचे उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट के साथ कोहरे और सर्दी का प्रकोप जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान सुल्तानपुर प्रदेश में सबसे सर्द स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम है।
इसके अलावा इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 2.3 डिग्री और वाराणसी का 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो समान्य से चार डिग्री कम था। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में शीतलहर अगले दो दिनों तक जारी रहेगी।
मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि 15 जनवरी से प्रदेश में शीतलहर के प्रकोप में कमी की संभावना हैं।
उन्होंने कहा कि सुबह और रात में घना कोहरा छाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा लेकिन दिन में धूप खिलेगी, जिससे लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी।
उधर सर्दी और कोहरे ने राज्य में रेल और हवाई यातायात को प्रभावित किया है। कड़ाके की सर्दी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को 15 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है।राज्य में सर्दी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 105 हो गई है। बुधवार को बहराइच और सीतापुर जिले में सर्दी से दो लोगों की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications