ठिठुर रहा उत्तर प्रदेश, आगरा में पारा 0.6 डिग्री

उत्तर भारत के सभी छोटे-बड़े शहरों की सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ है, लोग रविवार की छुट्टी अपने-अपने घरों पर मनाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। कई जगह घना कोहरा दिन भर छाया रहा और साथ में शीत लहर जारी रही, जिस वजह से लखनऊ का परा 3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि आगरा में पारा गिर कर 0.6 डिग्री हो गया।
क्लिक करें- मौसम की खबरें
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आगरा क्षेत्र में सबसे अधिक सर्दी पड़ रही है। घने कोहरे और सर्द हवाओं की वजह से बाजार भी सूने रहे और ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की तादाद में भी कमी आई है। कम दृश्यता की वजह से वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में रविवार को सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम से कम एक दर्जन उड़ानें प्रभावित हुईं। यहां का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 2 डिग्री रहा।
हरियाणा में नारनौल सबसे अधिक सर्दी वाला स्थान रहा जहां तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अम्बाला, करनाल और भिवानी में तापमान क्रमश: 4.5, चार तथा 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी में शीतलहर में कुछ कमी आने के बाद उत्तरी कश्मीर के कुछ इलाकों में रविवार को एक बार फिर बर्फवारी हुई। वहीं लद्दाख क्षेत्र में पारा शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications