नित्यानंद सेक्स वीडियो में मैं नहीं : रंजीता
बेंगलुरू, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। तमिल अभिनेत्री रंजीता ने तांत्रिक नित्यानंद स्वामी के सेक्स वीडियो में खुद के होने की बात शुक्रवार को नकार दी।
मार्च में नित्यानंद सेक्स कांड सामने आने के बाद से पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आकर एक प्रेस सम्मेलन में रंजीता ने कहा, "वीडियो टेप में जो महिला है वह मैं नहीं हूं।"
उन्होंने कहा, "पिछले कुछ महीनों में जो कुछ हुआ वह काल्पनिक रूप से गढ़ा गया था।" रंजीता ने गुरुवार को नित्यानंद के पूर्व चालक लेनिन करुप्पम के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। लेनिन ने ही नित्यानंद को यौन मामलों में लिप्त पकड़ा था और फिर उनका वीडियो जारी किया था।
रंजीता ने कहा कि उन्हें नित्यानंद द्वारा कथित यौन प्रताड़ना की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा, "मुझे इस सम्बंध में कुछ नहीं पता। मुझे मीडिया में आई खबरों से ही इसका पता चला।"
वैसे उन्होंने स्वीकार किया, "मैं नित्यानंद की एक भक्त हूं और आगे भी रहूंगी।"
रंजीता का दावा है कि वह एक सार्वजनिक व्यक्तित्व हैं इसलिए मीडिया उनके पीछे पड़ा। उन्होंने इस बात से इंकार किया है कि कुछ तमिल टीवी चैनलों पर वीडियो प्रसारित होने के बाद वह गायब हो गई थीं।
रंजीता ने कहा, "मैं डरी हुई थी, भयभीत थी। इसलिए तीन मार्च को अमेरिका चली गई थी और 14 जून को वहां से लौटी।"
उन्होंने कहा, "मैं एक साधारण महिला हूं और मेरे अपने डर हैं। मैं नहीं जानती थी कि मेरे साथ या मेरे माता-पिता के साथ क्या होगा। इसलिए मैं चली गई थी। मैं भागी नहीं थी।" उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया लेकिन उसके बाद भी उनका पीछा किया जा रहा था और उन्हें बदनाम किया जा रहा था, जिससे तंग आकर वह सामने आई हैं।
उन्होंने रामनगरम पुलिस थाने में गुरुवार को शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने लेनिन व दो अन्य पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि पुलिस ने नित्यानंद के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें उन पर दुष्कर्म, अप्राकृतिक यौन सम्बंध बनाने, धोखाधड़ी, धमकी व आपराधिक षडयंत्र रचने का आरोप लगाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications