उप्र में तस्करी के आरोप में गिरफ्तारी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की गई। जिले के लोनीकला कस्बे में करीब 22 साल के एक युवक को जिला पुलिस और विशेष कार्रवाई बल (एसओजी) ने मिलकर गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया।
लोनीकला थाना प्रभारी श्रीपाल सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि तस्कर को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह अपने ग्राहकों को हेरोइन की आपूर्ति करने की फिराक में था।
सिंह ने कहा कि प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि युवक स्थानीय निवासी है और पिछले दो साल से बिहार, मध्य प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौजूद अपने ग्राहकों को मादक पदार्थो की आपूर्ति करता रहा है।पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। युवक से पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications