जेठमलानी बिनायक सेन का मुकदमा लड़ने को तैयार
नई दिल्ली,। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और प्रख्यात वकील राम जेठमलानी ने मंगलवार को यहां कहा कि वह छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ जेल में बंद मानवाधिकार कार्यकर्ता बिनायक सेन की ओर से पैरवी करने के लिए तैयार हैं। भाजपा ने इस पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि यह उनके पेशे से जुड़ा मामला है।
पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "जेठमलानी का यह पेशा है। यदि यह फैसला उनके पेशेवर सेवा से जुड़ा है तो इस पर हमें कुछ नहीं कहना है।"प्रश्नों के जवाब में रूडी ने कहा कि इस मुकदमे की पैरवी न करने के लिए पार्टी ने जेठमलानी को कोई हिदायत नहीं दी थी।प्रवक्ता ने कहा, "जेठमलानी को हिदायत देने सम्बंधी कोई बात नहीं है।"
जेठमलानी ने कहा कि निचली अदालत के फैसले के खिलाफ सेन की तरफ से मुकदमा लड़ने में उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं होगी।उन्होंने कहा कि यदि सेन उनसे सम्पर्क करते हैं और उनके पास समय रहा तो वह निश्चित रूप से उनका मुकदमा लड़ेंगे।उल्लेखनीय है कि जेठमलानी राज्यसभा में भाजपा के सांसद हैं। वह पहले भी सेन की तरफ से सर्वोच्च न्यायालय में पेश हो चुके हैं। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ तर्क दिए जिसके चलते सेन को जमानत मिली।
गत 24 दिसम्बर को छत्तीसगढ़ के एक न्यायालय ने सेन (59) को राजद्रोह का दोषी करार देते हुए उन्हें आजीवन करावास की सजा सुनाई।
छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने नक्सलियों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। उसे विश्वास है कि सेन नक्सलियों के समर्थक हैं।












Click it and Unblock the Notifications