श्रीनगर में मौसम का सबसे सर्द दिन
श्रीनगर । कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में सोमवार को कड़ाके की सर्दी रही। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.3 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया जबकि श्रीनगर में यह शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है।स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सोनम लोटस ने बताया, "श्रीनगर में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। यहां 13 दिसम्बर 1964 को सबसे कम तापमान शून्य से 12.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था।"
उन्होंने बताया, "लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कारगिल में यह शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।"निदेशक ने बताया, "पहलगाम में न्यूनतम तापमान लुढ़क कर शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। वहीं गुलमर्ग में भी यह शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।"
कड़ाके की सर्दी के चलते श्रीनगर में ज्यादातर लोगों ने घर में रहना बेहतर समझा और सुबह के वक्त सड़कें और बाजार सुनसान दिखे।
उधर, पिछले चार दिनों से डल झील में पानी जम हुआ है। सोमवार को तापमान में गिरावट आने की वजह से बर्फ जमने की संभावना और बढ़ गई है।चौंतीस वर्षीय शबनम ने बताया, "झील में पानी जमने की वजह से सुबह मेरा शिकारा चल नहीं पा रहा था। अगर मैं जबरन कोशिश करती तो नाव क्ष्तिग्रस्त हो जाती। शायद दोपहर बाद स्थिति में कुछ सुधार आए और नाव चल सके।"
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में रात में आसमान साफ रहने की संभावना जताई है और इसकी वजह से तापमान में और कमी आ सकती है।सहायक मौसम विज्ञानी एम. एस. वानी ने बताया,"फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ ईरान के ऊपर से होकर गुजर रहा है। जिसके 29 दिसम्बर की शाम तक यहां पहुंचने की उम्मीद है।"उन्होंने कहा, "29-31 दिसम्बर के दौरान बारिश के आसार हैं।"












Click it and Unblock the Notifications