दिल्ली में कोहरे से हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित

राष्ट्रीय राजधानी में घने कोहरे की वजह से हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इसके कारण हजारों यात्री हवाई अड्डों और रेल स्टेशनों पर फंसे रहे। राजिंदर नगर की वीणा गुप्ता ने कहा, "मैं सुबह करीब 7.30 बजे गाड़ी चलाते हुए मेट्रो स्टेशन गई, लेकिन कोहरे की वजह से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।"
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के इस समय के लिए औसत से एक डिग्री कम है। अधिकारी के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि हिमालस क्षेत्र में बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है।
हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के मुख्य और नए रनवे पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी, जिस कारण कई उड़ानों में देरी हुई तो कई को रद्द करना पड़ा। अधिकारी ने कहा कि कम दृश्यता की वजह से करीब 15 घरेलू और 12 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा। दिल्ली आ रही सात अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने करीब पांच घंटे की देरी से चल रही थीं। अधिकारी ने कहा, "मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दिन में आसमान साफ होगा। सुबह की अधिकतर उड़ानों में करीब पांच घंटे की देरी हुई या उनका समय बदला गया।"
एयरलाइंस ने लखनऊ, लेह, श्रीनगर, जयपुर, कुल्लू, अमृतसर, मुम्बई, पटना, चण्डीगढ़ और गोवा जाने वाली कुछ उड़ानों को रद्द कर दिया। उधर, शनिवार की रात न्यूयार्क, शिकागो और टोरंटो जाने वाली एयर इंडिया की कुछ उड़ानों में भी दृश्यता कम होने के कारण देरी हुई थी।
पढ़ें- दिल्ली की अन्य खबरें












Click it and Unblock the Notifications