हरियाणा में सम्मान के नाम पर फिर एक बेटी की हत्या
रोहतक (हरियाणा)। हरियाणा में सम्मान के नाम पर हत्या का एक और मामला सामने आया है। गांव में एक लड़के से प्रेम सम्बंध होने की वजह से एक पिता ने कथित रूप से अपनी 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को बताया कि हत्या में सहयोग करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि लड़की का पिता फिलहाल फरार है।
उमेद सैनी ने गत दो दिसम्बर को कथित रूप से अपनी बेटी तपस्या की हत्या कर दी थी। किशोरी की हत्या में पिता ने नौकर मोहन की मदद ली थी, जिसे शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। सैनी ने दो दिसम्बर को चमनपुरा गांव से तपस्या के लापता की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में सैनी बेटी के तीन सहपाठियों पर शक जताया था।
छानबीन में पुलिस ने तपस्या के सहपाठियों को निर्दोष पाया और मोहन को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। जिला पुलिस प्रमुख सतीश बालन ने बताया कि सैनी के इशारे पर मोहन ने तपस्या की गला दबाकर हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है। नौकर सैनी के घर पिछले चार सालों से काम कर रहा था। हत्या के बदले में लड़की के पिता ने मोहन के लिए दुल्हन तलाशने का प्रलोभन दिया था।
बालन ने कहा, "सैनी दो दिसम्बर को तपस्या को गांव से बाहर ले गया और मोहन ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी तथा उसके शव को खेत में दफना दिया था। लेकिन जब दरुगध आनी शुरू हुई तो उन लोगों ने शव को ईंट से बांध कर नाले में डाल दिया।" उन्होंने बताया, "तपस्या का शव बरामद कर लिया गया है। हम सैनी को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे। वह बेटी के प्रेम प्रंसग से नाखुश था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications