अमेरिका में भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या
हैदराबाद/वाशिंगटन। अमेरिका में एक गैस स्टेशन पर काम कर रहे एक भारतीय छात्र की अज्ञात लुटेरों ने शनिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी और नकदी लेकर फरार हो गए। स्थानीय समाचार पत्र 'ह्यूस्टन क्रॉनिकल' के मुताबिक टेक्सास के पासाडेना में एक गैस स्टेशन पर काम कर रहे इलाप्रोलू जयचंद्रा (22) की कुछ अज्ञात लुटेरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
समाचार पत्र के मुताबिक पासाडेना के पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब कुछ नकाबपोश लोग गैस स्टेशन में दाखिल हुए और जयचंद्रा को गोली मारकर नकदी लेकर फरार हो गए। स्टोर के मैनेजर अली खान ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति एक महीने से भी कम समय से स्टोर पर काम कर रहा था।
विजयवाड़ा में रह रहे जयचंद्रा के परिजनों को यह दुखद समाचार शनिवार देर रात को मिला। यह घटना 25 दिसम्बर को स्थानीय समयानुसार देर रात दो बजे से तीन बजे के बीच हुई। जयचंद्रा कम्प्यूटर में अपनी स्नातकोत्तर डिग्री हासिल करने के लिए गत जुलाई में अमेरिका गया था और एक महीने पहले ही उसे गैस स्टेशन पर अंशकालिक नौकरी मिली थी।
राज्य के कृष्णा जिले के विजयवाड़ा शहर में जयचंद्रा के घर पर मातम पसरा है। दोस्त तथा रिश्तेदार उनके माता-पिता और घरवालों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। जयचंद्रा के पिता नागेश्वर राव ने विजयवाड़ा में संवाददाताओं को बताया, "हमें बताया गया कि एक अश्वेत व्यक्ति स्टोर में दाखिल हुआ और उसने जयचंद्रा को गोली मार दी और पैसे लेकर फरार हो गया। लेकिन एक अन्य व्यक्ति ने हमें बताया है कि वह व्यक्ति अश्वेत नहीं था। वह एक अपराधी हो सकता है।"
परिजनों के मुताबिक जयचंद्रा का शव अगले दो दिनों में यहां लाया जाएगा। उत्तरी अमेरिका तेलुगू एसोसिएशन (टीएएनए) ने जयचंद्रा के परिजनों की सहायता करने का आश्वासन दिया है। उधर, अमेरिका में पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिल गई है, जिसमें नकाब पहने दो लोगों को गैस स्टेशन में दाखिल होते हुए और क्लर्क को मारकर नकदी लेकर फरार होते दिखाया गया है।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष जून में ही टेक्सास विश्वविद्यालय के एक छात्र आदर्श जॉन की हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा मार्च में भी ओकलाहोमा में एक स्टोर पर अज्ञात लुटेरों ने 28 वर्षीय प्रशांथ गोयनका की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications