पाकिस्तान में हुआ आत्मघाती हमला मानवता का अपमान : ओबामा
इस्लामाबाद। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पाकिस्तान के खार कस्बे में शनिवार को संयुक्त राष्ट्र खाद्य कार्यक्रम के कार्यालय के बाहर हुए भीषण आत्मघाती हमले की निंदा करते हुए इसे मानवता का अपमान करार दिया है। इस हमले में 44 लोग मारे गए थे।
क्रिसमस के अवसर पर अपने परिवार के साथ हवाई में छुट्टियां मनाने पहुंचे ओबामा ने कहा, "मैं पाकिस्तान के खार कस्बे में हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।"
स्थानीय समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक ओबामा ने कहा, "विश्व खाद्य कार्यक्रम कार्यालय के वितरण केंद्र के बाहर किया गया हमला पाकिस्तान के लोगों के साथ ही मानवता का अपमान है।" आत्मघाती हमले में मारे गए आधिकांश लोग स्थानीय सलारजई कबाइली क्षेत्र के निवासी हैं। यहां के लोग आतंकवादियों के खिलाफ की जा रही सेना की कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं।
ओबामा ने कहा, "अमेरिका इस कठिन समय में पाकिस्तान के लोगों के साथ है और पाकिस्तान में शांति और सुरक्षा बरकरार करने में हम अपना समर्थन देते रहेंगे।" उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर कबायली क्षेत्र में शनिवार को संयुक्त राष्ट्र के खाद्यान्न वितरण केंद्र से भोजन सामग्री ले रहे लोगों के समूह के बीच एक संदिग्ध महिला आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर दिया था जिसमें 44 लोग मारे गए थे और कई घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications