उप्र में सड़क दुर्घटना, 34 मरे
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शनिवार देर शाम एक मिनी ट्रक और रोडवेज बस के बीच हुई टक्कर में 34 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बस का चालक भी शामिल है। इस हादसे में 15 घायल हो गए, जिनमें से छह को बरेली रेफर कर दिया गया है।हादसा जिले के उझानी इलाके में बदायूं-एटा रोड पर उस वक्त हुई जब एक मिनी ट्रक पलट गया, जिसमें सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। मिनी ट्रक में करीब 40 लोग सवार थे।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डी.के. चौधरी ने आईएएनएस को बताया कि बदायूं के उझानी कस्बे के कुछ लोग एक परिजन का दाह संस्कार करके मिनी ट्रक से लौट रहे थे, तभी मिनी ट्रक सड़क पर बालू के ढेर में पलट गया। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में 34 लोगों की मौत हो गई। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। इनमें से छह को बरेली रेफर कर दिया गया है।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।












Click it and Unblock the Notifications