कलमाड़ी के घर पर सीबीआई के छापे

सीबीआई की प्रवक्ता बिनीता ठाकुर ने बीबीसी को बताया कि छापे की कार्रवाई आज तड़के शुरू हुई है. राष्ट्रमंडल खेलों को आयोजन इस साल राजधानी दिल्ली में हुआ था. सुरेश कलमाड़ी पर राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हुई कथित अनियमितताओं के कई आरोप हैं. राष्ट्रमंडल खेलों के बाद ये पहली बार है जब कलमाड़ी पर इस तरह की कार्रवाई हो रही है.
इस सिलसिले में सीबीआई जिन अधिकारियों से पूछताछ कर रही है उन्होंने कलमाड़ी पर आरोप लगाया है की राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान जो भी धांधली हुई है उसमें कलमाड़ी भी लाभांवित होने वालों में से एक थे. सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेलों में हुई कथित अनियमितताओं के संबंध में तीन एफ़आईआर दर्ज किए हैं.
इनमें से एक एफ़आईआर खेलों के दौरान स्कोर दर्ज करने के लिए इस्तेमाल किए गए 'सिस्टम' की डील को लेकर है. इसके अलावा दो अन्य मामले 'क्वींस बेटन रिले' के दौरान किराए पर ली गई कारों के ठेके में कथित धांधली को लेकर हैं. सीबीआई पहले ही आयोजन समिति के संयुक्त महानिदेशक टीएस दरबारी और उप महानिदेशक संजय महिंद्रू को गिरफ़्तार कर चुकी है. केंद्रीय जांच एजेंसी ने खेलों की आयोजन समिति के महानिदेशक वीके वर्मा और उपाध्यक्ष ललित भनोट के घर पर भी 30 नवंबर को छापे भी मारे थे.












Click it and Unblock the Notifications