मध्य प्रदेश में किसानों की मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह की चेतावनी
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में भू-माफियाओं के जाल में फंसकर अपनी जमीनें गंवा चुके 20 से ज्यादा किसानों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। किसानों का आरोप है कि भू-माफियाओं को प्रशासन का संरक्षण हासिल है।
पन्ना जिले के बीजाखेड़ा के किसानों ने शाहनगर क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी एस. एल. प्रजापति को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि भू-माफियाओं ने धोखे से उनकी जमीन हथिया ली है। भू-माफियाओं ने क्रेडिट कार्ड बनवाने का भरोसा दिलाते हुए जमीन के कागजात ले लिए थे। लेकिन न तो किसानों को क्रेडिट कार्ड मिला और न जमीन के कागजात ही।
किसानों का कहना है कि उन्हें जमीन हाथ से जाने के बारे में तब पता चला, जब कलेक्टर के कार्यालय से जमीन बिक्री का नोटिस मिला। किसानों के मुताबिक शासन ने किसानों को यह जमीन 2001-02 में भरण-पोषण के लिए आवंटित की थी। इतना ही नहीं, इस भूमि को कलेक्टर की अनुमति के बिना बेचा भी नहीं जा सकता। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जमीन वापस नहीं कराई गई, तो वे भोपाल में जाकर मुख्यमंत्री आवास के सामने नए साल के पहले दिन आत्मदाह करेंगे।
अनुविभागीय अधिकारी प्रजापति ने आईएएनएस को बताया कि किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा है, मगर यह मामला जिलाधिकारी के यहां लम्बित है। जब तक वहां से कोई निर्णय नहीं आ जाता, कोई कार्रवाई नहीं हो सकेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications