राजा, राडिया को सीबीआई का सम्मन, राजा ने मांगी मोहलत
चेन्नई/नई दिल्ली। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में कथित अनियमितता को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा और कारपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया को सम्मन भेजा है। सम्मन मिलने के बाद राजा ने सीबीआई से समय मांगा है। वहीं सीबीआई ने एक सेवानिवृत्त शीर्ष अधिकारी से पूछताछ की। उधर, एआईएडीएमके नेता जयललिता ने राजा की गिरफ्तारी की मांग की है।
सीबीआई ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में कथित अनियमितता को लेकर पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा को सम्मन भेजा है। सम्मन मिलने के बाद राजा अपने स्वास्थ्य की जांच के लिए चिकित्सक के पास गए। उन्होंने हलांकि कहा कि वह कानून की प्रक्रिया से भाग नहीं रहे हैं।द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के नेता राजा ने सोमवार को कहा कि वह सीबीआई के समक्ष उपस्थित होंगे, लेकिन उन्हें थोड़ा वक्त चाहिए।
ऐसा ही सम्मन राडिया को भी भेजा गया है। राडिया पर आरोप है कि 2008 में हुए इस घोटाले में वह भी शामिल हैं।कथित घोटाले में संलिप्तता के कारण पिछले दिनों द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के नेता राजा को केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। राजा के बुधवार को सीबीआई के समक्ष उपस्थित होने की संभावना है।सीबीआई के सम्मन के बारे में राजा ने आईएएनएस से कहा, "यह सामान्य प्रक्रिया है। मैं जरूरत के मुताबिक उपलब्ध रहूंगा।"
उधर, नई दिल्ली में सीबीआई के अधिकारियों ने भारतीय दूरसंचार नियमन प्राधिकरण (ट्राई) के पूर्व प्रमुख प्रदीप बैजल से पूछताछ की। सीबीआई ने पिछले सप्ताह राडिया, राजा तथा पूर्व मंत्री के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों सहित बैजल के आवास पर भी छापेमारी की थी।
पिछले दिनों सीबीआई ने राजा के नई दिल्ली और तमिलनाडु के पेरम्बलूर के आवासों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर छोपमारी की थी।सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा कि राजा से चन्नई में पूछताछ की जाएगी। वह संभवत: बुधवार को एजेंजी के समक्ष उपस्थित होंगे।दूसरी ओर, एआईएडीएमके की महासचिव जे. जयललिता ने स्पेक्ट्रम आवंटन में अनियमितता के मामले में पूर्व संचार मंत्री ए. राजा की गिरफ्तारी की मांग की।
पत्रकारों द्वारा केंद्रीय जांच ब्यूरो की ओर से सम्मन भेजे जाने के बारे में पूछे जाने पर जयललिता ने कहा, 'राजा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।'उन्होंने स्पेक्ट्रम आवंटन मामले की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराए जाने की भी मांग की।












Click it and Unblock the Notifications