भोपाल में किसानों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बिजली, खाद सहित अनेक मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हजारों किसान पिछले 24 घंटों से अपनी जगह पर अडिग बने हुए हैं। सरकार से बातचीत विफल होने के बाद से किसान, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के पास पॉलीटेकि्न क चौराहे पर जमे हुए हैं। किसानों के इस कदम से कई मार्गो पर यातायात थम-सा गया है।
भारतीय किसान संघ के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे किसान सोमवार से ही भोपाल की सड़कों पर डेरा जमाए हुए हैं। मंगलवार सुबह कुछ सड़कों पर यातायात में सुधार हुआ है, मगर रोशनपुरा व पॉलीटेकि्न क चौराहे पर किसान अभी भी जमे हुए हैं।
किसानों का आरोप है कि उन्हें जरूरत के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही है, नकली खाद और घटिया बीज दिए जा रहे है। इतना ही नहीं किसानों को मनमाना बिल जारी किया जाता है और उनके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज किए जाते हैं। राजस्व विभाग सहित अन्य विभाग किसानों की समस्याएं हल करने को तैयार नहीं हैं।
सोमवार दिन भर किसानों के आंदोलन के चलते राजधानी जैसे बंधक-सी बन गई थी। अधिकांश मार्ग जाम थे और लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी फिलहाल स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। मुख्य मार्ग रोशनपुरा चौराहा से पॉलीटेकि्न क चौराहे तक किसानों का जमावड़ा बना हुआ है। मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले अधिकांश मार्गो को किसानों ने जाम कर रखा है।
सरकार की ओर से सोमवार को किसानों को मनाने की पहल की गई, मगर किसान मौखिक आश्वासन मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर आदेश जारी करे। जब तक ऐसा नहीं होता है, वे राजधानी की सड़कों से नहीं हटेंगे।












Click it and Unblock the Notifications