दक्षिण कोरिया ने कहा, एनपीटी में शामिल हो उत्तर कोरिया
सियोल,। दक्षिण कोरिया ने कहा है कि उत्तर कोरिया को संयुक्त राष्ट्र निरीक्षकों द्वारा उसके परमाणु कार्यक्रमों का निरीक्षण करने से पहले परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) में शामिल हो जाना चाहिए।समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक उत्तर कोरिया ने वहां की यात्रा पर पहुंचे एक अमेरिकी अधिकारी से कहा था कि वह अंतर्राष्ट्रीय निरीक्षकों को अपने योंगबायोन परमाणु परिसर के निरीक्षण की इजाजत देने के लिए तैयार है। इसके एक दिन बाद ही दक्षिण कोरिया का यह बयान आया है।
योनहैप समाचार एजेंसी के अनुसार दक्षिण कोरिया के एक अधिकारी ने उत्तर कोरिया के इस प्रस्ताव को खारिज करते हुए इसे एक पुरानी चाल बताया है।अधिकारी ने कहा, "हो सकता है उत्तर कोरिया अपने यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम के न्यायोचित होने पर मुहर लगवाना चाह रहा हो।"
उन्होंने कहा, "यदि उत्तर कोरिया अंतर्राष्ट्रीय निरीक्षण के प्रति गम्भीर है तो उसे सबसे पहले एनपीटी में फिर शामिल होना चाहिए और उसे एनपीटी में लौटने के लिए अपने सभी परमाणु कार्यक्रम रोकने होंगे।"गौरतलब है कि उत्तर कोरिया 2003 में एनपीटी से अलग हो गया था और उसने 2006 व 2009 में परमाणु बमों के सफल परीक्षण किए।












Click it and Unblock the Notifications