पति के जुल्म की शिकार विधायक से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार
पटना। अपने पति के कोपभाजन का शिकार हुईं जदयू विधायक बीमा भारती की हालत पहले से बेहतर हैं। ऐसी खबर मिल रही है। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती रुपौली की जदयू विधायक बीमा भारती के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। अस्पताल के अधीक्षक डा. ओपी चौधरी ने कहा कि विधायक को पीठ, छाती और कमर में गंभीर चोटे हैं, लेकिन कोई हड्डी नहीं टूटी है। उन्होंने कहा कि विधायक के पूरी तरह से ठीक हो जाने की उम्मीद है। इस मामले में विधायक की सुरक्षा में तैनात दो अंगरक्षकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिनके रहते बीमा भारती की इतनी बेरहमी से पिटाई हुई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पति से पिटी जदयू विधायक बीमा भारती का हाल लेने पीएमसीएच (पटना मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल) पहुंचे। उन्होंने विधायक से उनका हालचाल लिया। साथ ही डॉक्टरी इलाज़ और चल रही दवाइयों की भी जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा में किसी भी तरह की कोताही न बरतने के आदेश अस्पताल प्रबंधन को दिए।
उल्लेखनीय है कि विधायक बीमा भारती को पति और जिला परिषद सदस्य अवधेश मंडल सहित नौ लोगों ने घर में बंद करके पीटा था। हालत बिगड़ने पर बुधवार की रात उन्हें इलाज के लिए पटना स्थानांतरित किया गया। इस मामले में पुलिस ने विधायक के पति व चालक को गिरफ्तार कर लिया था। शेष अभियुक्त बनाए गए सात लोगों को पुलिस अभी पकड़ नहीं पाई है।













Click it and Unblock the Notifications