असम में रेलगाड़ी पटरी से उतरी, 100 घायल

रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि असम के रांगिया से अरुणाचल प्रदेश के मुरकोक्सीलंग को जाने वाली मुरकोक्सीलंग एक्सप्रेस गुवाहाटी से 260 किलोमीटर दूर गोहपुर के नजदीक पटरी से उतर गई।
रोज चलने वाली इस रेलगाड़ी में करीब 300 यात्री सवार थे। शुरुआती खबरों में पता चला है कि हादसे में करीब 100 लोग घायल हुए हैं। प्रवक्ता ने बताया, "गम्भीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए गुवाहाटी ले जाया गया है जबकि कई घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद अस्पतालों से छुट्टी मिल गई।"
जिस इलाके में यह दुर्घटना हुई है वह प्रतिबंधित 'नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड' (एनडीएफबी) का गढ़ माना जाता है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह दुर्घटना थी या तोड़फोड़ की गतिविधि का परिणाम थी।
एनडीएफबी को रेलगाड़ियों पर हमले के लिए जाना जाता है। यह संगठन बमों के जरिए या पटरियों पर तोड़-फोड़ कर रेलगाड़ियों को निशाना बनाता है।












Click it and Unblock the Notifications