बच्चे की बलि के आरोप में साधु, दम्पत्ति गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर। उत्तर-प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में कथित रूप से पांच साल के मासूम बच्चे की बलि देने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को दम्पत्ति सहित एक साधु को गिरफ्तार कर लिया।
जिले के जिगरा उदयपुर थाना क्षेत्र के लखनापार गांव निवासी श्याम बिहारी के पुत्र अभिमन्यु की बलि देने के आरोप में उसके पड़ोसी सुग्रीव प्रसाद व उसकी पत्नी रामरती और इस काम में उनकी मदद करने वाले साधु भीषण दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साधु गांव के बाहर राप्ती नदी के किनारे कुटी बनाकर रहता था।
अभिमन्यु बीते 20 अक्टूबर को घर के समीप से लापता हो गया था। महीने भर से ज्यादा समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस ने राप्ती नदी के किनारे उसके कपड़े बरामद किए थे।
स्थानीय थाना प्रभारी एस. एन. कन्नौजिया ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि नदी किनारे कपड़े मिलने के बाद बच्चे के लापता होने के मामले में हमारा शक कुटी बनाकर रहने वाले बाबा पर गया, जो फरार था। उसके पीछे पुलिस की टीमें लगाई गईं। पकड़ में आने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी घटना बता दी। साधु की निशानदेही पर शुक्रवार को दम्पत्ति को गिरफ्तार किया गया।
कन्नौजिया के मुताबिक तीनों ने बलि देने की बात कुबूल कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि दम्पत्ति ने तांत्रिक सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में बच्चे की बलि दी। इस काम में साधु ने उनकी मदद की। कन्नौजिया के मुताबिक बच्चे का शव फिलहाल नहीं मिला है। उसे बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications