राहुल की टिप्पणी गैरजिम्मेदार : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, "यह बयान गैरजिम्मेदाराना है, भाजपा इसकी निंदा करती है। यदि राहुल हिंदू आतंकवाद को लेकर चिंतित हैं तो उन्हें उसके बारे में संसद में बोलना चाहिए.. इससे यह पता चलता है कि उन्हें देश के बारे में कितनी कम जानकारी है।"
प्रसाद ने, किसी दूसरे देश के राजदूत के साथ राहुल द्वारा इस मुद्दे पर बात किए जाने के उद्देश्य पर भी सवाल खड़ा किया।
विकिलीक्स द्वारा जारी राजनयिक संदेशों के अनुसार गांधी राहुल ने पिछले वर्ष भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे.रोमर से कहा था कि कट्टरपंथी हिंदू संगठनों का अभ्युदय भारत के लिए, मुस्लिम समुदाय द्वारा कुछ आतंकी संगठनों का समर्थन किए जाने से अधिक खतरनाक हो सकता है।
समाचार पत्र 'गार्जियन' ने शुक्रवार को कहा है कि राहुल ने रोमर से कहा था कि यद्यपि आतंकी संगठन, लश्कर-ए-तैयबा को भारतीय मुस्लिम समुदाय के कुछ खास तत्वों का समर्थन होने के प्रमाण हैं, लेकिन चरमपंथी हिंदू संगठनों का अभ्युदय ज्यादा खतरनाक हो सकता है। ये हिंदू संगठन धार्मिक तनाव और मुस्लिम समुदाय के साथ राजनीतिक टकराव की स्थिति पैदा करते हैं।
भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि राहुल की टिप्पणी से यह जाहिर होता है कि वह आतंक को धर्म के साथ जोड़ना चाहते हैं और वह भारतीय सभ्यता के बारे में नहीं जानते।
जावड़ेकर ने कहा, "आतंकवाद तो आतंकवाद है, इसे वोट बैंक की राजनीति में नहीं बदला जाना चाहिए। आतंकवाद की जांच की जानी चाहिए और दोषी व्यक्ति को हर हाल में दंडित किया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications