चण्डीगढ़ में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, डीजीसीए कराएगा जांच
चण्डीगढ़। चण्डीगढ़ हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह पवन हंस का एक हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के फौरन बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में दोनों चालक घायल हो गए। इस हेलीकॉप्टर में पंजाब के एक मंत्री सवार होकर जाने वाले थे। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।हेलीकॉप्टर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सेक्टर-1 स्थित आवास के समीप बने हेलीपैड की ओर बढ़ रहा था तभी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसके दोनों पायलट घायल हो गए।
पंजाब के उद्योग एवं स्थानीय शासन मंत्री मनोरंजन कालिया इस हेलीकॉप्टर में सवार होकर होशियारपुर जिले स्थित मुकेरियां जाने वाले थे।
कालिया ने बताया,"हमें सुबह 10 बजे रवाना होना था। जब मैं हेलीपैड की ओर बढ़ रहा था तभी मुझे संदेश मिला कि हेलीकॉप्टर में आग लग गई है और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।"
पंजाब सरकार के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, "हमने दुर्घटना के बारे में पवन हंस के अधिकारियों एवं डीजीसीए को तुरंत सूचना दी। डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए तथा एक जांच दल को चण्डीगढ़ भेजा।"हेलीकॉप्टर के चालक एस.पी.एस. बरार और एम.एस.बरार को मामूली चोटें आईं और उन्हें चण्डीगढ़ के समीप कमान अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत बेहतर बताई है।हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि उड़ान भरने के तत्काल बाद हेलीकॉप्टर में आग लग गई और वह हवाई अड्डे के भीतर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और हवाई अड्डा अधिकारियों ने घटनास्थल की घेराबंदी की।हवाई अड्डे के प्रबंधक एच.एस.तूर ने आईएएनएस को बताया, "हेलीकॉप्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहतकर्मियों ने खिड़कियां तोड़कर पायलटों को बाहर निकाला।"उन्होंने कहा, "दुर्घटना को लेकर हमने उच्चस्तरीय बैठक की। हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं। हादसे की पूरी जांच होगी।"
अग्निशमन दस्तों ने आग पर काबू पा लिया है। यह हेलीकॉप्टर पंजाब सरकार के पट्टे पर था और इसका इस्तेमाल राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों सहित विशिष्ट व्यक्तियों के आवागमन में किया जाता था।दुर्घटना के बाद हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई जिससे यात्रियों को असुविधा हुई।इससे पहले मार्च 2005 में सहारनपुर के निकट हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से हरियाणा सरकार के दो मंत्रियों और एक चालक की मौत हो गई थी।
पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल इस साल के आरंभ में उस समय बाल-बाल बचे थे जब उनका हेलीकॉप्टर उतरते समय पेड़ की टहनियों से टकरा गया था।पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी दो हादसों में बाल-बाल बच चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications