प्रधानमंत्री को तमिलनाडु दौरे के दौरान लिट्टे से खतरा!
चेन्नई। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जनवरी में तमिलनाडु का दौरा करेंगे। उस दौरान उनकी सुरक्षा कड़ी कर दी जाएगी, क्योंकि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी ने चेतावनी दी है कि लिट्टे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि एवं अन्य नेताओं पर हमला कर सकता है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक लेतिका सरन ने बुधवार को आईएनएस को बताया, "कल (मंगलवार) हमें केंद्रीय एजेंसी से चेतावनी मिली कि अगले महीने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर हमला हो सकता है। हमने काफी गंभीरता से अपने महकमे को सचेत कर दिया है। हम सभी नेताओं को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराएंगे।"
उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस बल चेतावनी मिलने या न मिलने पर भी सुरक्षा मुहैया कराता है। उन्होंने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री सिंह भारतीय विज्ञान कांग्रेस के उद्घाटन के लिए अगले महीने चेन्नई का दौरा करेंगे।
सरन ने कहा, "हम अपने खुफिया तंत्र को भी मजबूत कर रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि लिट्टे के एक आत्मघाती ने तमिलनाडु में ही 21 मई, 1991 को श्रीपेरुम्बुदूर में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications