राजा के रिश्तेदारों, राडिया और बैजल के ठिकानों पर सीबीआई छापे
नई दिल्ली। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को लाबिस्ट नीरा राडिया, पूर्व दूरसंचार नियामक प्रदीप बैजल और पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा के रिश्तेदारों के घरों और कार्यालयों पर छापेमारी की।सीबीआई ने एक समन्वित अभियान के तहत राडिया के नई दिल्ली स्थित घरों और कार्यालयों पर छापेमारी की। सरकार ने पिछले साल राजा के लिए लाबिंग कर रहीं नीरा राडिया की फोन पर हुई बातचीत रिकार्ड की थी।
सीबीआई की पुलिस उप महानिरीक्षक विनीता ठाकुर ने कहा कि सीबीआई अधिकारी दक्षिण दिल्ली स्थित राडिया के सैनिक फार्म हाउस के अलावा शहर के मध्य में बाराखम्भा रोड पर स्थित उनके कार्यालय में पहुंचे।ठाकुर ने कहा, "छापेमारी आज (बुधवार) सुबह शुरू हुई। यह जब तक जरूरत रहेगी तब तक जारी रहेगी, हम शाम तक जानकारियां देंगे।"
इसके अलावा सीबीआई ने भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) के पूर्व प्रमुख प्रदीप बैजल के नई दिल्ली स्थित मकान और पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा के रिश्तेदारों के 27 ठिकानों पर छापेमारी की है।द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के नेता राजा ने 2जी स्पेक्ट्रम का आवंटन बाजार दर के कम भाव पर करने के आरोप लगने पर पिछले महीने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
सरकार द्वारा टेप की गई राडिया की टेलीफोन बातचीत लीक होने पर इस बात का खुलासा हुआ कि राजा को मंत्री बनाने के लिए राडिया उद्योगपतियों और पत्रकारों के साथ लाबिंग कर रही थीं।2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए बुधवार को सीबीआई के ये छापे संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त होने के बाद पड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications