अलीगढ़ में 2 बदमाशों की पीट-पीटकर हत्या

घटना जिले के क्वारसी थाना क्षेत्र के मंजूरगढ़ी गांव की है, जहां तड़के दिनेश जाटव के घर डकैती डालने आए बदमाशों में से दो को ग्रामीणों ने घेर लिया और लाठी-डंडो से पीट-पीटकर मार डाला। क्वारसी थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि मारे गए बदमाशों की उम्र करीब चालीस साल के आस-पास है। फिलहाल उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। ऐसा लग रहा है कि ये बावरिया गिरोह के सदस्य हैं।
पढ़ें- उत्तर प्रदेश की अन्य खबरें
कुमार ने कहा कि तमचों और चाकू से लैस सात बदमाश जैसे ही दिनेश नाम के ग्रामीण के घर में दाखिल हुए उनके पुत्र ने उन्हें देखकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर लाठी-डंडे लिए ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। इतने में पांच बदमाश हवाई फायरिंग करके किसी तरह भागने में सफल रहे लेकिन दो को ग्रामीणों ने पकड़कर उनके तमंचे छीन लिए और उन्हें पीट-पीटकर मार डाला।
ग्रामीणों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई किए जाने के सवाल पर कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ग्रामीणों ने अपने जान-माल की रक्षा के लिए यह कदम उठाया। घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। कुमार ने कहा कि मारे गए बदमाशों के फरार साथियों की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications