हॉलब्रुक के निधन पर ओबामा, क्लिंटन ने शोक व्यक्त किया
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने सोमवार को अफगास्तिान और पाकिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक के निधन पर शोक व्यक्त किया।समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक क्लिंटन के साथ एक बैठक के दौरान 69 वर्षीय हॉलब्रुक को सीने में दर्द हुआ था जिसके चलते शुक्रवार को उन्हें जॉर्ज वाशिंगटन विश्ववविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां सोमवार शाम को उनका निधन हो गया।
ओबामा ने अपने बयान में कहा, "हॉलब्रुक के निधन से मैं और मिशेल बेहद दुखी हैं। हॉलब्रुक अमेरिका को मजबूत, सुरक्षित और ज्यादा सम्मानित बनाने वाले कूटनीतिज्ञ थे। वह अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी थे जिन्होंने देश की अनवरत सेवा की।"ओबामा ने कहा कि हॉलब्रुक ने वियतनाम युद्ध के समय विदेश सेवा के युवा अधिकारी के रूप में कार्य किया था और युद्ध खत्म करने के लिए आयोजित की गई पेरिस वार्ता का समर्थन किया था।
विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, "अमेरिका ने अपने एक चैम्पियन और समर्पित अधिकारी को खो दिया है।" बयान में हिलेरी ने कहा, "हॉलब्रुक ने लगभग 50 वर्षो तक देश की सेवा की। उन्होंने विदेश सेवा के हर स्तर पर कार्य किया और भविष्य के राजनयिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी सेवा के दौरान उन्होंने कई शांति वार्ताओं में हिस्सा लिया।"उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के संबंध में हॉलब्रुक के कार्यो की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहना हुई थी। हॉलब्रुक जर्मनी में भी अमेरिका के राजदूत रह चुके थे।












Click it and Unblock the Notifications