जेपीसी को लेकर राजग का संसद भवन के बाहर धरना
नई दिल्ली। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने संसद भवन के बाहर वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में धरना दिया।संसद के बाहर धरने पर बैठे राजग के नेताओं ने कहा कि अब इस मुद्दे को 'जनता के बीच' ले जाया जाएगा।
इससे पहले संसद की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित होने के बाद राजग के सदस्य आडवाणी के नेतृत्व में संसद भवन के बाहर गांधी प्रतिमा के निकट धरने पर बैठ गए, जो कि 25 मिनट तक चला।लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव भी आडवाणी के साथ धरने में शामिल हुए।
सुषमा स्वराज ने संवाददाताओं से कहा कि शीतकालीन सत्र में संसद की कार्यवाही नहीं चलने देने के लिए सरकार ही जिम्मेदार है।उन्होंने कहा, "हम घोटाले की केवल जेपीसी से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। यदि जेपीसी जांच को मंजूर कर ली जाती तो हम संसद की कार्यवाही चलाने के लिए राजी थे।"सोमवार को संसद भवन के बाहर किए गए प्रदर्शन को इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने की शुरुआत बताते हुए उन्होंने कहा, "2जी स्पेक्ट्रम घोटाला लोगों से जुड़ा मुद्दा है।"












Click it and Unblock the Notifications