कोहरे की घनी चादरों में लिपटा कश्मीर
श्रीनगर। कोहरे की घनी चादरों में इन दिनों कश्मीर लिपटा हुआ है। बर्फीली चादरों ने वादियों को और भी खूबसूरत बना दिया है। पर्यटकों का जमावड़ा इन दिनों कश्मीर में देखा जा सकता है। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार सुबह का तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में भी ठंड का असर जारी है।
स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग के सहायक निदेशक एल.के.पंडिता ने बताया, "श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल में क्रमश: शून्य से 15 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"पंडिता ने कहा, "दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में शुक्रवार को तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।" मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के भीतर तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। कड़ाके की सर्दी को देखते हुए स्थानीय लोग एक तरफ जहां गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं वही कांगड़ी जलाकर भी ठंड से निजात पाने की कोशिश कर रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications