कश्मीर में कड़ाके की ठंड
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को कड़ाके की सर्दी रही यहां तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में भी ठंड का असर जारी है।स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग के सहायक निदेशक एल.के.पंडिता ने बताया, "श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल में क्रमश: शून्य से 15 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
पंडिता ने कहा, "दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में शुक्रवार को तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।" मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के भीतर तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
पंडिता ने बताया कि रात में आसमान पूरी तरह साफ रहने की वजह से आने वाले दो या तीन दिनों में तापमान और नीचे गिर सकता है और मौसम शुष्क बना रहेगा।
कड़ाके की सर्दी को देखते हुए स्थानीय लोग एक तरफ जहां गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं वही कांगड़ी जलाकर भी ठंड से निजात पाने की कोशिश कर रहे हैं।एक स्थानीय बिजली विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हमें प्रतिदिन 1,300 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है लेकिन सिर्फ 780 मेगावाट बिजली ही मिल पा रही है।












Click it and Unblock the Notifications