मीरा की तलाशी पर भारत ने जताई कड़ी आपत्ति
नई दिल्ली/वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिका में भारतीय राजदूत मीरा शंकर के साथ वहां के एक हवाईअड्डे पर हुए अपमानजनक व्यवहार के लिए भारत ने जहां अमेरिका से कड़ी आपत्ति जताई है, वहीं अमेरिका ने कहा है कि वह राजनयिकों को तलाशी से छूट नहीं दे सकता। हालांकि उसने घटना पर दुख जताते हुए मामले पर विचार करने की बात कही है।विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा, "अमेरिका में भारतीय राजदूत के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, उससे मैं चकित हूं। गत तीन महीनों में इस तरह की यह दूसरी घटना है।"
उन्होंने कहा, "स्पष्ट रूप से कहना चाहूंगा कि भारत इस तरह की घटनाओं को कतई स्वीकार नहीं कर सकता। हम इस मुद्दे को अमेरिकी सरकार के समक्ष उठाने जा रहे हैं ताकि इस तरह की अप्रिय घटनाएं दोबारा न हों।"उन्होंने कहा कि ऐसी कई स्थापित परम्पराएं हैं जिनके अनुसार ही किसी भी देश के राजनयिकों संग व्यवहार किया जाता है।कृष्णा ने भारत के अमेरिका के साथ सौहार्दपूर्ण रिश्तों की ओर इशारा करते हुए उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे ही सम्बंध बने रहेंगे।
सरकारी सूत्रों ने नई दिल्ली में बताया कि इस मामले में विदेश मंत्रालय ने अमेरिका को अपनी आपत्ति भेज दी है। मंत्रालय को उम्मीद है कि वह इस 'अस्वीकार्य' व्यवहार के लिए क्षमा मांगेगा।गौरतलब है कि जैक्सन-एवर अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर चार दिसम्बर को शंकर की सार्वजनिक रूप से हाथों से टटोलकर सुरक्षा जांच की गई थी। वह मिसीरिपी स्टेट विश्वविद्यालय की मेहमान के तौर पर वहां पहुंची थीं।
समाचार पत्र 'द जैक्सन क्लेरियन-लेजर' के मुताबिक हवाईअड्डे पर शंकर 30 यात्रियों के समूह से निकालकर एक ओर अकेली खड़ी की गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शंकर ने साड़ी पहन रखी थी इसलिए उन्हें अलग खड़ा किया गया।हवाईअड्डे के 'ट्रांसपोर्ट सिक्युरिटी एडमिनिस्ट्रेशन' के नियमों के मुताबिक सुरक्षा जांच के दौरान विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के साथ कोई भेद-भाव नहीं किया जा सकता लेकिन अधिकारी इस तरह की जांच तभी कर सकते हैं जब किसी व्यक्ति के मेटल डिटेक्टर से गुजरने के दौरान अलार्म बज उठे। शंकर की वजह से वहां कोई अलार्म नहीं बजा था।
इस बीच मिसीसिपी गवर्नर हेली बार्बर के हवाले से उनके प्रवक्ता डैन टर्नर ने कहा है कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, "इस समय यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वहां वास्तव में क्या हुआ था।"












Click it and Unblock the Notifications