अब भी देर नहीं, सरकार जेपीसी को राजी हो जाए : भाजपा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कहा कि सरकार को 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की विपक्ष की मांग मानते हुए विधायी कार्यो को निपटाने के लिए संसद सत्र को 15 दिन के लिए बढ़ाने का सुझाव दिया।
पार्टी का सुझाव सामने रखते हुए भाजपा नेता एस.एस. अहलूवालिया ने कहा, "हम लम्बित विधायी कार्यो को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय देने को तैयार हैं।" अहलूवालिया ने कहा कि भाजपा 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच जेपीसी से कराने की मांग को लेकर लोगों के बीच जाएगी। उन्होंने कहा, "सरकार ने मांग मानने में काफी देरी कर दी है, संसद का शीतकालीन सत्र खत्म होने में अब केवल दो ही कार्य दिवस बचे हैं। फिर भी यदि मांग मान ली जाए तो इसे देर नहीं कहा जाएगा।"
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के सदस्य यह मानते हैं कि 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच में लोक लेखा समिति (पीएसी), जेपीसी की राह में बाधा नहीं बनेगी। मीडियाकर्मियों के सवाल का जवाब देते हुए अहलूवालिया ने कहा, "यह सच है कि कुछ सदस्य कह रहे हैं कि पीएसी को जेपीसी की राह में नहीं आना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि पीएसी 2जी स्पेक्ट्रम मामले में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का अध्ययन कर रही है। पीएसी का नेतृत्व भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी कर रहे हैं। अहलूवालिया ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उसे 'जोशी में अचानक नैतिक गुण दिखने लगा है।'
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications