आदतें बनाती हैं भविष्य
नई दिल्ली, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। सुकरात का एक शिष्य कशमकश में था कि उसे विवाह करना चाहिए या नहीं? उसने अपने मित्रों, परिचितों, संगे-संबंधियों और बड़े-बुजुर्गो से सलाह ली। सबने अपने-अपने ढ़ंग से सलाह दी। किसी ने कहा कि शादी कर लेनी चाहिए। इससे जीवन व्यवस्थित रहता है। फिर अपनी बात को सही साबित करने के लिए उन्होंने दलीलें भी दीं।
दूसरी तरफ कुछ ऐसे लोग थे, जो शादी नहीं करने की सलाह दे रहे थे, क्योंकि शादी करने में बहुत झंझटें हैं और शादी के बाद कुछ रस्मों को भी निभाना पड़ता है।
लोगों की सलाह से शिष्य का माथा घूम गया। अंत में उसने सोचा कि अपने गुरु से ही पूछना चाहिए। वे सही सलाह दे सकते हैं। उनका अपना पारिवारिक जीवन बहुत कष्टकारी था, इसलिए वे ज्यादा व्यावहारिक रास्ता बताएंगे।
फिर वह सुकरात से सलाह लेने चला गया। सुकरात ने उससे कहा, "तुम्हें शादी कर लेनी चाहिए।"
शिष्य शादी करने की बात सुनकर हैरान था। वह बोला, "आपकी पत्नी तो इतनी झगड़ालू है कि उसने आपका जीना दुश्वार किया हुआ है, फिर भी आप मुझे शादी कर लेने की सलाह दे रहे हैं।"
सुकरात सुनकर मुस्कराए और बोले, "यदि शादी के बाद तुम्हें बहुत अच्छी पत्नी मिलती है, तो तुम्हारा जीवन संवर जाएगा। क्योंकि वह तुम्हारे जीवन में खुशियां लाएगी। फिर जब तुम खुश रहोगे, तो जीवन में उन्नति करोगे और बड़े आदमी बनोगे। यदि तुम्हें जेंथीप जैसी पत्नी मिली, तो भी तुम्हें कोई परेशानी नहीं होगी, क्योंकि उसके कारण तुम्हारे जीवन में इतनी समस्याएं पैदा हो जाएगी कि तुम भी मेरी तरह दार्शनिक बन जाओगे! यानी किसी भी परिस्थिति में शादी करना तुम्हारे लिए घाटे का सौदा नहीं होगा।"
इसलिए अपने भविष्य का प्रबंधन करते समय यह न सोचें कि अच्छा क्या है और बुरा क्या है? सिर्फ करते रहें और नीचे लिखे गुरुमंत्रों का पालन करें :
* आप अपने भविष्य को नहीं बनाते, बल्कि आप अपनी आदतें बनाते हैं। लेकिन आपकी आदतें आपका भविष्य जरूर बनाती हैं, क्योंकि आदत डाले बिना आप अपने मन को संचालित नहीं कर सकते।
* जो पहले आपने किया, वह अतीत था। जो अब कर रहे हैं, वह भविष्य है। इसलिए अतीत को भूल जाइए और भविष्य की चिंता कीजिए।
* अभी तक आपने भविष्य के सपनों का किला हवा में बना रखा था। लेकिन जब आप उस किले के नीचे एक मजबूत नींव बना लेंगे, तब आप उस सपने को साकार होता देखेंगे।
* आपकी नए विचारों को पैदा करने की क्षमता असीमित है, इसलिए आपके भविष्य में छिपी संभावनाएं भी अनंत हैं।
* अपने भविष्य के सपनों को हकीकत में बदलने के लिए आपको ज्यादा ऊर्जा और प्रयासों का निवेश करना होगा।
* वर्तमान को भविष्य की बैलेंसशीट से मिलाकर देखें, क्योंकि जो लोग वर्तमान में जीते हैं और भविष्य के लिए निवेश करते हैं, बाद में वही लोग सफल बनते हैं।
* आपने अब तक क्या खोया है? यह जानने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है, क्योंकि अतीत कभी लौटकर नहीं आता। परन्तु भविष्य के बारे में सोचने पर खोई हुई चीजें जरूर वापस मिल जाती हैं।
* बालीवुड की सुपरहिट फिल्म "खतरों के खिलाड़ी" में कहा गया है कि कुछ पाने के लिए खतरों से खेलना बहुत जरूरी है। फिर जितना बड़ा खतरा होगा, उतनी ही बड़ी सफलता होगी। लेकिन उन खतरों से खेलने का हुनर आना जरूरी है।
* जब कोई व्यक्ति कुछ करने की ठान लेता है, तब सब कुछ वैसा ही होने लगता है, जैसा कि वह चाहता है। इसलिए आप सिर्फ सफल होने की ठानिए, फिर सफलता दिलाने वाले साधन आपको खुद ही उपलब्ध हो जाएंगे।
(डायमंड पॉकेट बुक्स प्रा. लि. द्वारा प्रकाशित पुस्तक 'सीकेट्र्स ऑफ सक्सेस' से साभार)
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications