आंध्र प्रदेश में भारी बारिश, 14 मरे
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में पिछले दो दिनों से हुई भारी बारिश से 14 लोगों की जान चली गई है, जबकि 3.7 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा है। बचाव कर्मियों ने बुधवार को गुंटुर जिले में विनुकोंडा के समीप एक झरने से 12 शवों को निकाला।
बारिश से मौत की आगोश में समाए 14 लोगों के अलावा 15 अन्य लोग लापता हैं। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र के चलते राज्य में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। राज्य सरकार के प्राथमिक अनुमान के मुताबिक बारिश से 367,859 हेक्टेयर क्षेत्र के फसलों और 4,963 हेक्टेयर बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी गुरुवार को बारिश से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उन्होंने जिला अधिकारियों को फसलों को बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) को तैयार रहने के लिए कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications