हनीमून ह्त्या मामले में पति को ज़मानत

हनीमून ह्त्या मामले में पति को ज़मानत

अन्नी और श्रीयन देवानी की शादी हुए दो सप्ताह हुए थे जब अन्नी देवानी की हत्या हो गई

दक्षिण अफ़्रीका में हनीमून के दौरान हत्याकांड में मारी जानेवाली भारतीय मूल की स्वीडिश नवविवाहिता अन्नी देवानी के पति को ब्रिटेन की एक अदालत ने ढाई लाख पाउंड के मुचलके पर ज़मानत दे दी है.

श्रीयन देवानी पर षडयंत्र कर अपनी पत्नी की हत्या करवाने का संदेह है और दक्षिण अफ़्रीकी पुलिस के अनुरोध पर बुधवार को उन्हें लंदन में गिरफ़्तार किया गया था.

बाद में लंदन की एक अदालत में उनकी सुनवाई हुई जहाँ श्रीयन ने कहा कि वे अपने आप को दक्षिण अफ़्रीका प्रत्यर्पित करवाने के लिए तैयार नहीं हैं.

मंगलवार को दक्षिण अफ़्रीका की अदालत में इस मामले में गिरफ़्तार किए गए तीन लोगों में से एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि अन्नी देवानी की हत्या उनके पति श्रीयन देवानी ने ही करवाई थी.

फ़िलहाल ज़मानत की शर्तों के तहत ब्रिस्टल निवासी 31 वर्षीय श्रीयन देवानी को ब्रिस्टल में ही रहना होगा और एक इलेक्ट्रॉनिक टैग पहनना होगा जिससे पुलिस उनकी निगरानी कर सकेगी.

इस बहुचर्चित मामले में पिछले महीने ख़बर आई थी कि केपटाउन में 28 वर्षीया अन्नी देवानी और उनके पति का टैक्सी में अपहरण कर लिया गया और फिर अन्नी देवानी को गोली मार दी गई.

इस मामले में तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया था जिनमें शामिल एक टैक्सी ड्राइवर ने अदालत को बताया कि ये हत्या महिला के पति श्रीयन देवानी ने करवाई.

केपटाउन के उच्च न्यायालय में ड्राइवर ज़ोला टोंगा ने बताया कि श्रीयन देवानी ने उसे अपनी पत्नी की हत्या करने के लिए पंद्रह हज़ार रैंड देने की पेशकश की थी.

ब्रिटेन में ब्रिस्टल के निवासी 31 वर्षीय श्रीयन देवानी ने अपनी पत्नी की हत्या में कोई हाथ होने से इनकार किया है. उनके परिवार ने भी इन आरोपों को ग़लत बताया है.

स्कॉटलैंड यार्ड के अनुसार श्रीयन देवानी को दक्षिण अफ़्रीका से प्रत्यपर्पण का अनुरोध मिलने के बाद गिरफ़्तार किया गया है.

पुलिस के प्रवक्ता ने कहा है कि श्रीयन ने ब्रिस्टल के पुलिस स्टेशन पर मंगलवार को आत्मसमर्पण किया था लेकिन अपनी पत्नी की हत्या के शक में बाद में उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.

पुलिस के अनुसार अन्नी देवानी और श्रीयन देवानी की शादी हुए दो सप्ताह हुए थे जब हनीमून के दौरान 13 नवंबर को केपटाउन के पास टैक्सी से सफ़र करते समय अपहरण कर लिया गया.

अगले दिन एक लावारिस पड़ी टैक्सी में उनका शव बरामद किया गया.

उनकी घड़ी, आभूषण, बैग और मोबाइल फ़ोन चोरी कर लिए गए थे.

पत्नी की हत्या के बाद श्रीयन देवानी ने बताया कि एक रात केपटाउन के सीमावर्ती इलाक़े में खाना खाने के बाद दोनों पति-पत्नी शहर लौटने के लिए एक टैक्सी में बैठे जब उनकी पत्नी ने कहा कि वे ‘असल दक्षिण अफ़्रीका’ देखना चाहती हैं.

इसके बाद टैक्सी ड्राइवर मुख्य सड़क छोड़कर कहीं और जाने लगा.

पति ने बताया कि इसके दो मील बाद कुछ हथियारबंद लोगों ने टैक्सी का अपहरण कर लिया और बाद में उनकी पत्नी को गोली मार दी.

ज़ोला टोंगे ने अदालत में आरोप लगाया कि हत्या का निर्देश श्रीयन देवानी ने दिया

अब अदालत में ड्राइवर ज़ोला टोंगे ने बताया कि वह केपटाउन पहुँचने के बाद पति-पत्नी को केपटाउन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक पाँच सितारा होटल लेकर गया.

उसने अपने बयान में कहा है, "होटल पहुँचने पर श्रीयन देवानी ने मुझसे अकेले में मुलाक़ात की और कहा कि क्या मैं किसी को जानता हूँ जो उनके एक आदमी का काम तमाम कर सके.

"कुछ बातचीत होने के बाद मुझे समझ में आया कि वो एक महिला की हत्या करवाना चाहता है."

ड्राइवर ने बताया कि इसके बाद उसने अपने एक दोस्त से संपर्क किया जिसने हत्या के लिए भाड़े के दो लोगों को जुटाया.

ड्राइवर ज़ोला टोंगे ने अदालत में सज़ा कम करने के लिए हुई सौदेबाज़ी के तहत अपराध के बारे में विवरण दिए.

31 वर्षीय ड्राइवर पर हत्या, अपहरण, लूटपाट और न्याय के रास्ते में बाधा डालने का आरोप लगाया गया था.

अपराध की जानकारी देने के लिए राज़ी होने के बाद उसे 18 वर्ष क़ैद की सज़ा सुनाई गई है.

दो और अभियुक्तों पर हत्या, लूटपाट और अपहरण का आरोप लगाया गया है और उनके मामले की सुनवाई चल रही है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+