वाराणसी विस्फोट : विपक्ष ने की मायावती के इस्तीफे की मांग

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने वाराणसी में गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार के लापरवाही भरे रवैये का कारण आतंकी घटना सामने आई है। मायावती को इस बात को स्वीकार करना चाहिए कि इस आतंकी हमले ने राज्य की कानून-व्यवस्था की सच्चाई सामने ला दी है। अब उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
वाराणसी पहुंचे शाही ने अस्पतालों का दौरा किया और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जोर दिया कि मीडिया में पिछले दिनों से इस तरह की खबरें आ रही थीं कि उत्तर प्रदश में आतंकी हमला हो सकता है, इस सबके बावजूद राज्य सरकार सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के बजाय सो रही थी। ये पूरी तरह से राज्य सरकार के खुफिया तंत्र की नाकामी है।
क्लिक करें- वाराणसी धमाके से जुड़ी अन्य खबरें
मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि आतंकी हमला पूरी तरह से सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी का परिणाम है..पूरा सरकारी तंत्र विफल रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता की जान की सुरक्षा इस सरकार के एजेंडे में ही नहीं है। जब तक यह सरकार (बसपा सरकार) रहेगी प्रदेशवासियों का जीवन इसी तरह संकट में रहेगा। राज्य सरकार की लापरवाही की जिम्मेदारी लेकर मायावती अपने पद से इस्तीफा दें।
कांग्रेस प्रदेश समिति (लखनऊ) की तरफ से गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि गया है कि विवादित ढांचे के विध्वंस की बरसी के मौके पर प्रदेशभर में मायावती सरकार ने कड़े सुरक्षा प्रबंध करने का दावा किया था, लेकिन सारे दावे खोखले साबित हुए। ज्ञात हो कि शीतला घाट पर मंगलवार शाम गंगा आरती के दौरान हुए बम विस्फोट में दो साल की बच्ची की मौत हो गई थी और 25 लोग घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications