सीबीआई 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच में सक्षम : सिब्बल
उन्होंने कहा, "यह मामला सर्वोच्च न्यायालय में लम्बित है। यह सर्वोच्च न्यायालय और सीबीआई के बीच का मामला है। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। यदि सर्वोच्च न्यायालय निगरानी कर रहा है तो सरकार को इससे कोई समस्या नहीं है।"सिब्बल ने यह टिप्पणी तब की है जब सीबीआई ने पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा के नई दिल्ली और तमिलनाडु स्थित आवासों और उनके सहयोगियों के आवासों पर छापेमारी की है।
दिल्ली में सीबीआई ने सुबह सात बजे राजा के 2-ए मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर छापेमारी शुरू की। छापे की कार्रवाई दोपहर को भी जारी रही।सीबीआई के निदेशक ए. पी. सिंह ने पत्रकारों से कहा, "पांच जगहों पर छापे की कार्रवाई की गई है और जांच पड़ताल चल रही है। अलग-अलग जगहों पर छापे मारे गए हैं। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।"
उन्होंने कहा कि जल्दी ही राजा से पूछताछ की जा सकती है।राजा के पूर्व निजी सचिव आर. के. चंदौलिया, पूर्व दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरिया, दूरसंचार विभाग के उप महानिदेशक ए. के. श्रीवास्तव और दूरसंचार आयोग के सदस्य के. श्रीधर के आवासों पर भी छापेमारी की गई है।
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में राजा पर आरोप लगने के कारण उन्हें पिछले महीने इस्तीफा देने के लिए बाध्य होना पड़ा था। सीएजी ने कहा कि इस घोटाले से देश को 58,000 करोड़ से 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।













Click it and Unblock the Notifications