व्यवसायी ने बेटे, पत्नी व मां को गोली मारी
रमाबाई नगर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के रमाबाई नगर जिले में मंगलवार को पैसों के हिसाब में आई गड़बड़ी से गुस्साए एक आभूषण व्यवसायी ने अपने बेटे, पत्नी और मां को गोली मार दी। तीनों को गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले के रूरा कस्बे में आभूषण व्यवसायी आलोक गुप्ता (42) ने मंगलवार को अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से बेटे, पत्नी और मां को गोली मार दी और फिर मौके से फरार हो गया।
रूरा थाना प्रभारी शालिग राम वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि गम्भीर रूप से घायल बेटे, पत्नी, और मां को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत नाजुक बनी हुई है।पुलिस का कहना है कि गुप्ता की रूरा कसबे में आभूषण की दुकान थी और उस पर उनका बेटा भी बैठा करता था।
वर्मा ने कहा कि प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि दुकान में पैसों के हिसाब में कुछ घपला सामने आने पर गुप्ता की मंगलवार सुबह बेटे सुबोध से कहा-सुनी हो गई। इसी दौरान नोंक-झ्झोंक बढ़ने पर उन्होंने गुस्से में आकर बेटे और बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी व मां को गोली मार दी।वर्मा ने कहा कि घटना के बाद से फरार आभूषण व्यवसायी की तलाश की जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications