असांजे गिरफ्तार, अदालत में पेश, विकिलीक्स जारी रखेगा अभियान
लंदन। विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को लंदन की अदालत में पेश हुए। उन पर दो महिलाओं के साथ बलात्कार करने का आरोप है। उधर, विकिलीक्स ने कहा है कि वह दस्तावेजों को पहले की तरह सार्वजनिक करता रहेगा।लंदन के वेस्टमिनिस्टर मजिस्ट्रेट्स कोर्ट जाते समय असांजे फोटोग्राफरों और वकीलों से घिरे हुए थे।उनके वकील मार्क स्टीफेंस ने कहा कि असांजे पूरी तरह से ठीक हैं। पुलिस के साथ उनकी मुलाकात भी सम्मानजनक रही।
गौरतलब है कि असांजे सनसनीखेज विकिलीक्स खुलासे के केंद्र में हैं। विकिलीक्स ने गोपनीय अमेरिकी कूटनीतिक संदेशों का खुलासा कर पूरी दुनिया में सनसनी मचा दी है। इससे पहले ईराक और अफगानिस्तान युद्ध के बारे में पेंटागन के दस्तावेजों को विकिलीक्स पर सार्वजनिक किया गया था।विकिलीक्स वेबसाइट ने असांजे की गिरफ्तारी के बाद टिप्पणी की है कि वह दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का अभियान जारी रखेगा।
विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को ब्रिटिश पुलिस ने मंगलवार को खुद पुलिस के सामने उपस्थित होने के बाद लंदन में गिरफ्तार कर लिया। असांजे स्वीडन में बलात्कार के आरोप में वांछित है।लंदन की पुलिस 'स्कॉटलैंड यार्ड' ने एक बयान में कहा, "शहर पुलिस की प्रत्यर्पण शाखा के अधिकारियों ने बलात्कार के संदेह में मंगलवार सुबह जूलियन असांजे को गिरफ्तार कर लिया था।"
बयान में कहा गया, "जूलियन असांजे को यूरोपीय संघ के गिरफ्तारी वारंट के आधार पर सुबह 9.30 बजे गिरफ्तार किया गया।"असांजे के वकील मार्क स्टीफन्स ने कहा कि असांजे स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों से मिलने के लिए पहले ही तैयार थे। असांजे के खिलाफ सोमवार को यूरोपीय संघ ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।बीबीसी के अनुसार आस्ट्रेलियाई नागरिक, असांजे (39) ने अपने ऊपर लगे स्वीडन में दो महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोपों का खंडन किया है।












Click it and Unblock the Notifications