धर्मनगरी वाराणसी में धमाका, बच्ची की मौत, 25 घायल
लखनऊ। धर्मनगरी वाराणसी के दशाश्वमेघ इलाके में शीतला गंगाघाट के किनारे मंगलवार शाम को गंगा आरती के समय हुए एक धमाके में दो साल की एक बच्ची की मौत हो गई जबकि करीब पच्चीस अन्य लोग घायल हो गये।वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आर.पी. सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि धमाके में घायल स्वातिका शर्मा नाम की बच्ची की मौत हुई है। वह मारवाड़ी अस्पताल में भर्ती थी।
धमाके और धमाके के बाद मची भगदड़ में कम से कम पच्चीस लोग घायल हुए हैं। धमाके में एक विदेशी नागरिक सहित छह लोग घायल हुए हैं।सिंह ने बताया कि घायलों को मारवाड़ी, जिला अस्पताल और हैरिटेज अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है। जिला अस्पातल में भर्ती एक व्यक्ति की हालत नाजुक है।पुलिस महानिरीक्षक से यह पूछे जाने पर कि क्या धमाके के पीछे किसी आतंकी संगठन का हाथ है। इस पर उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह राष्ट्र विरोधी ताकतों का काम लगता है।
सिंह ने कहा कि धमाके की प्रकृति के बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। पुलिस जांच में जुटी है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धमाके में इस्तेमाल किए गए पदार्थ को घाट की सीढ़ियों के बीच दरार में रखा गया था।धमाका मंगलवार शाम करीब सात बजे हुआ। इस समय शीतला घाट पर सैकड़ों की संख्या में लोग गंगा आरती के लिए इकट्ठा हुए थे।इस बीच खबरें आ रही हैं कि शीतलाघाट परिसर में कूड़ेदान से एक जिंदा बम मिला है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) बृजलाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि धमाका कम तीव्रता (लो इंटेन्सिटी) का था। धमाका किस चीज से किया गया, इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।धमाके के बाद वाराणसी सहित प्रदेश के संवेदनसील शहरों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इससे पहले साल 2006 में वाराणसी में सिलसिलेवार धमाकों में बीस लोगों की मौत हुई थी जबिक करीब सौ लोग घायल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications