सरकोजी का बुलावा, फ्रांस आएं भारतीय छात्र
चार दिवसीय भारत यात्रा के सिलसिले में प्रौद्योगिकी केंद्र बेंगलुरू पहुंचे सरकोजी ने पहुंचने के कुछ ही घंटों के भीतर आयोजित एक समारोह में कहा, "फ्रांस अधिक से अधिक भारतीय छात्रों की मेजबानी करना चाहता है। हम भारतीय युवाओं को शिक्षित कर सकते हैं और अनुसंधान के लिए प्रशिक्षित कर सकते हैं।"
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में एकत्रित तकरीबन 500 शीर्ष वैज्ञानिकों, भारतीय उद्योगपतियों और छात्रों को संबोधित करते हुए फ्रांस के राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि और भारतीय कम्पनियां फ्रांस में निवेश करेगी। फ्रांसीसी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल और कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ भारत आए 55 वर्षीय सरकोजी ने भारत-फ्रांस संबंधों के नये आयामों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता दर्शाई।
शीर्ष वैज्ञानिकों, व्यावसायिक प्रतिनिधियों एवं छात्रों सहित लगभग 500 लोगों के जमावड़े को संबोधित करते हुए सरकोजी ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि 2007 के मुकाबले 2012 तक फ्रांस में भारतीय छात्रों की संख्या तिगुनी हो जाएगी।" सरकोजी ने कहा कि भारतीय छात्र उच्चतर शिक्षा पाने के बेहद इच्छुक हैं और हजारों भारतीय छात्र विदेशों, खासकर अंग्रेजी भाषी देशों में अध्ययन कर रहे हैं। फ्रांसीसी सरकार ने विदेशी छात्रों के ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की है।













Click it and Unblock the Notifications