बिहार को 2015 तक विकसित राज्य बनाना लक्ष्य : कुंवर
पटना। बिहार के राज्यपाल देवानंद कुंवर ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार जिम्मेदारी से काम करेगी तथा पिछले पांच वर्षो में प्रारंभ की गई सभी विकास योजनाएं चालू रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि बिहार को अगले पांच वर्षो में विकसित राज्य बनाना सरकार का लक्ष्य है। बिहार के 15वीं विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन कुंवर ने राज्य के दोनों सदनों विधानसभा और विधान परिषद को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा कि बिहार को 2015 तक विकसित राज्य बनाना सरकार का लक्ष्य है, जिसके लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन के प्रयास लगातार जारी रहेंगे तथा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने का प्रयास करेगी।
जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता होगी। सरकार विपक्ष से सकरात्मक सहयोग की अपेक्षा करती है। सरकार कानून लागू करने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति से काम करेगी।उन्होंने कहा कि विभिन्न गांवों को सड़कों से जोड़ने तथा बाढ़ नियंत्रण के लिए नदियों को आपस में जोड़ने के लिए सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस क्षमता में बढ़ोतरी करेगी तथा ऊर्जा क्षेत्र में सुधार करने के लिए विशेष कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली में सुधार किया जायेगा और राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने की केन्द्र सरकार से मांग जारी रखी जाएगी। सरकार का मानना है कि बिहार जैसे पिछड़े राज्यों को अगर विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता है तो राज्य में पूंजी निवेश बढ़ेगा तथा रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षो में राज्य में 10 फीसदी विकास का दर का लक्ष्य रखा गया है। अल्पसंख्यकों के लिए भी कई योजनाओं की शुरुआत करने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द हर कीमत पर बनाये रखा जाएगा। उन्होंने अपने अभिभाषण में कहा कि उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति का कार्य प्रारंभ किया गया है, उसे जारी रखा जाएगा।उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षो में सभी गांवों में बिजली पहुंचा दी जाएगी तथा बिजली वितरण में सुधार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications