अश्लील संदेश भेजने वाला बीएचयू छात्र निलंबित

बीएचयू में बीएससी सांख्यिकी अंतिम वर्ष के छात्र गौरव रंजन को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निलंबित करने के साथ ही भविष्य में विश्वविद्यालय के किसी भी पाठ्यक्रम में दाखिला लेने पर रोक लगा दी है। बीएचयू के प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि गौरव को तीन महीने के लिए कक्षा से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उसे पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया है। रंजन को छात्रावास की सुविधा से भी वंचित कर दिया गया है।
सिंह ने कहा कि गौरव के खिलाफ दो छात्राओं की शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई की गई। छात्राओं ने अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में शिकायत दर्ज कराई थी। बीएचयू प्रशासन के मुताबिक छात्राओं का आरोप था कि गौरव उन्हें विगत कुछ महीनों से न केवल फेसबुक पर बल्कि मोबाइल पर भी अश्लील संदेश भेज कर परेशान कर रहा था।
सिंह ने कहा कि तीन महीनों में गौरव अगर किसी गलत गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। बीएचयू प्रशासन ने इस घटना की सूचना लंका थाने को भी दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications