विपक्ष को विश्वास में लेकर काम करेगी सरकार : नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंद्रहवीं विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार विपक्ष को विश्वास में लेकर काम करना चाहेगी।
विधानसभा सत्र में भाग लेने पहुंचे नीतीश ने कहा कि उनकी सरकार विपक्ष को विश्वास में लेकर काम करना चाहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के सहयोग से यह कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सकारात्मक सहयोग से वह बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य करेंगे। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को जीत की बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी और कहा कि वे सभी बिहार को प्रगति पर ले जाने में सहयोग करें।
उल्लेखनीय है कि पंद्रहवीं बिहार विधानसभा का पहला सत्र मंगलवार से प्रारम्भ हो गया। शीतकालीन सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बड़ी जीत के बाद प्रारम्भ हुआ यह सत्र कई मायनों में पिछले सत्रों से अलग है। सत्र प्रारम्भ होते ही कार्यवाहक अध्यक्ष सदानंद सिंह ने नवनिर्वाचित विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सबसे पहले जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने शपथ ली। पटना साहिब से चुने गए विधायक नंद किशोर यादव ने संस्कृत में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम दो दिसम्बर तक चलेगा।
दो दिसम्बर को बिहार विधानसभा के अध्यक्ष का चयन किया जाएगा जबकि तीन दिसम्बर को राज्यपाल दोनों सदनों विधानसभा और विधान परिषद को संयुक्त रूप से सम्बोधित करेंगे। गौरतलब है कि बिहार में पहली बार सत्ता पक्ष के 206 विधायकों के सामने विपक्ष के मात्र 37 विधायक होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications