जो पूछे वो बताऊँ : कलमाड़ी
संसद के बाहर पत्रकारों से मुखातिब कलमाडी ने कहा, "खेलों से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जांच का मैं स्वागत करता हूं। मैंने लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार से मुलाकात की है और इस सम्बंध में मैं संसद में बयान दूंगा। कुमार ने कहा है कि जब भी संसद का सत्र चलेगा, मैं बयान देने के लिए स्वतंत्र हूं।"
कलमाडी ने कहा कि यह मामला न्यायालय में लम्बित है लेकिन इसके बावजूद वह संसद को यह बताना चाहते हैं कि उन्होंने किसी प्रकार का गलत काम नहीं किया है। साथ ही साथ वह सीबीआई के सभी सवालों का भी जवाब देने के लिए तैयार हैं।कलमाडी ने कहा, "खेलों का बजट 1500 करोड़ से लेकर 1700 करोड़ रुपये के बीच था लेकिन हमने सिर्फ 1400 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।"
"हम खेलों से जुड़े निर्माण कार्यो में शामिल नहीं रहे हैं। हमारा काम सिर्फ खेलों का आयोजन कराना था। इसमें उद्घाटन और समापन समारोह भी शामिल हैं।" सीबीआई ने खेलों में अनियमितता से जुड़े एक मामले में 15 नवम्बर को कलमाडी के दो करीबी अधिकारियों-टी.एस. दरबारी और संजय महेंद्रू को गिरफ्तार किया था। दरबारी और महेंद्रू की गिरफ्तारी लंदन में बीते वर्ष क्वींस बैटन रिले के आयोजन में अनियमितता बरतने को लेकर हुई है।













Click it and Unblock the Notifications